सत्याग्रह - आश्रम में भी पाठशाला थी . लेकिन कु. प्रेमाबहन कंटक हम लोगों को पढ़ाने आने लगीं , तब तक उसका हमें भान ही नही था . प्रेमाबहन के आने के कारण हमें पाठशाला के अस्तित्व का भान हुआ . पढ़ाने के काम में वे बहुत उत्साही थीं . आज मुझे उनके नाम के पूर्वार्ध का भी पर्याप्त अनुभव हुआ है . उन दिनों हम उनके नाम के उत्तरार्ध को ही सही मानते थे . हमारी इच्छा हो या न हो , वह पढ़ाये बगैर नहीं छोड़तीं . इस घटना के पांच - सात वर्ष बाद १९३७ में वर्धा में शिक्षा - शास्त्रियों के सामने बापू ने जब नयी तालीम के सम्बन्ध में विचार रखे , तब कई शिक्षा - शास्त्रियों ने कहा कि बापू के विचार में कोई नयी बात नहीं है . यदि मैं गलती नही कर रहा हूं , तो नागपुर की तरफ के एक शिक्षक ने तो यहां तक कह दिया कि ‘ ग्यान के साथ हाथ का उपयोग करने के विचार का अमल तो मैं पहले से ही करता आया हूं . बच्चे मेरे काबू में नहीं रहते हैं , तब छड़ी का उपयोग करके ग्यान के साथ हाथ का अनुबन्ध मैं करता हूं . ‘ नागपुर की तरफ के शिक्षक की नयी तालीम की यह व्याख्या प्रेमाबहन शायद बम्बई , पूना से सीखकर आयी होंगी . जब से हम उनके हाथ सौंपे गये , तब से वह भी ग्यानवर्धन के लिये अपने हाथों का प्रयोग हम पर करती थीं .
‘ उनके पास तो सीखना ही नहीं ‘ इस निश्चय को हम सत्याग्रही की तरह निभाते थे . कुछ - न - कुछ छोटे - बड़े प्रसंगों का निमित्त करके हम वर्ग में से या उद्योग में से गायब रहते थे . लेकिन ऐसा करते हुए जब हम पकड़े जाते , तब प्रेमाबहन तरह - तरह से सजाएं देतीं . उसमें एक समय का खाना बन्द करवाने की सजा तो आम हो गयी थी . लेकिन उपवासवीर बापू के आश्रम में एक समय का भोजन छोड़ना कोई नयी बात थोड़े ही थी . इसकी पूर्ती हम लोग आश्रम के खेतों के टमाटर आदि फल भरपेट खाकर फलाहार से कर लेते थे .
‘ छुट्टी मनाने ‘ का ऐसा ही एक प्रसंग था . बारिश हुई थी . सभी ऋतुओं में वर्षा ऋतु ही ऐसी कि गाती - बजाती आकर , अपने अस्तित्व का परिचय कराती है . आश्रम में जगह - जगह छोटे - बड़े गड्ढों में पानी भर गया था . मैं घर से निकला तो था वर्ग के में जाने के लिए , लेकिन रास्ते में रीठे के पेड़ के नीचे एक डबरा मिल गया . उसमें छोटे - छोटे कीड़ों को डूबकर मरते देखा तो मेरे अन्दर का ‘ दीनबन्धु ‘ जाग उठा . पाठशाला में जाने के बदले इन उत्पीडित पिपीलिकाओं का उद्धार करने की मैंने ठान ली . रीठे का एक पत्ता लेकर उस से एक चीटी को किनारे पर रखा . एक ही चीटी क्यों ? एक साथ सब क्यों नहीं ? एक - एक करके सब चीटियों को उबार लेने की योजना थी . इस पद्धति में डबरे में डूबनेवाली चीटियों के उद्धार के साथ वर्ग के वातावरण में डूबनेवाले बाबला का भी उद्धार था .
लेकिन इतनी आसानी से हार मान जांए तो वह प्रेमाबहन कैसी ? वर्ग में सौ फीसदी उपस्थिति होनी चाहिए , यह उनका आग्रह रहता था . इस आग्रह की पूर्ति के लिए वह सारे आश्रम का चक्कर लगा कर आ जातीं . पिपीलिकोद्धार के पुण्य कार्य में मैं एकचित्त हो गया था . तब रीठे के पेड के पीछे से आकर प्रेमाबहन ने मेरा कान पकड़ लिया . यहां गजग्राह की लड़ाई का प्रसंग नहीं बना और मैं भीगी बिल्ली की तरह प्रेमाबहन के साथ चल दिया . पता नहीं उनको क्यों मेरे कान से इतना प्यार हो गया कि वर्ग में पहुंचने तक उनके हाथों ने मेरे कान का सत्संग किया .
उन दिनों बापू आश्रम में नहीं थे , इसलिए मैंने उनको एक पत्र लिखा . लिखा नहीं , लिखवाया . क्योंकि पत्र लिखना सीखें इसके बहुत पहले से बापू के साथ हमारा पत्र - व्यवहार चलता था . पण्डित खरे हम सबकी ओर से पत्र लिख देते और बापूजी कागज के टुकड़ों पर अपने हाथ से सबको जवाब लिखते . इस व्यवस्था के अनुसार मैंने बापूजी को पत्र लिखकर रीठे के पेड़ के नीचे जो घटना घटी , उसकी शिकायत दर्ज कर दी और यह भी पूछा कि ‘ आप अहिंसा में विश्वास रखते हैं फिर आपके आश्रम में ऐसी हिंसा क्यों ? ‘ जारी Continue reading ‘पूरे प्रेमीजन रे ( २ ) : बापू की गोद में’

Recent Comments