बापू की प्रयोग – शाला : बापू की गोद में (८)

[ ..बापू ने कहा,'तेरी जगह मैं होता तो ध्यान से देखता। कोई शौच करके उठा हो तो तुरन्त वहाँ दौड़ जाता। उसके मैले में खराबी नजर आती , तो उससे नम्रतापूर्वक कहता,'देखो भाई,तुम्हारा पेट बिगड़ा है। तुमको अमुक इलाज करना चाहिए। इस तरह उसका हृदय मैं जीत लेता।]

    सैकड़ों सालों की कंगाली के परिणामस्वरूप अज्ञान का बोझ ढोते – ढोते भारत की ग्रामीण जनता के सामाजिक जीवन को एक प्रकार का लकवा मार गया था। उसमें किसी भी घटना या प्रसंग से चेतना जाग ही नहीं सकती थी। ग्रामीण जनता की शुष्क भूमि में से आर्द्रता का रहा – सहा अंश भी बीसवीं शताब्दी के तीसरे दशक में मानो सूख गया था। वैसे तो उस समय सारी दुनिया में ही अभूतपूर्व आर्थिक संकट खड़ा हो गया था। लेकिन प्रेसिडेन्ट रूजवेल्ट के नेतृत्व में अमरीका उस संकट को पार करके आगे बढ़ने लगा था। इस परिस्थिति में ही जर्मनी में हिटलर पैदा हुआ था। राजनीतिक दृष्टि से १९३२ – ३४ के आन्दोलन के बाद भारत आराम की साँस ले रहा था। लेकिन कोई नया आन्दोलन छिड़ने के लक्षण देश में नहीं दीख रहे थे। आर्थिक दृष्टि से देश की स्थिति स्वाभाविकतया अधिक बिगड़ गयी थी।

    इसी समय बापू ने अपने कदम गाँवों की ओर बढ़ाये। उनका रास्ता कष्टमय , लम्बा और तरह – तरह की कठिनाइयों वाला था।

    क्या थी गाँवों की दशा ? गुजरात में रहनेवाले तो इसकी कल्पना ही नहीं कर सकेंगे। दरिद्रता में से सिर ऊँचा करने की ताकत खो बैठे , ये गाँव ! अस्वच्छता और बीमारियों का घर बने और सैकड़ों वर्षों का अज्ञान भरे !

    वर्धा में मगनवाड़ी में रहते थे , तभी से बापू ने पड़ोस के सिन्दी गाँव में सफाई का काम शुरु कर दिया था। मैं मगनवाड़ी में रहने गया , तब बापू सेगाँव जा चुके थे। सिन्दी गाँव की सफाई में बापू की जगह काका जाने लगे थे। शहर से लगा हुआ वह गाँव था , न कि रेलवे से दूर किसी जंगल का। लेकिन उस गाँव के लोग कई महीनों तक गांधीजी , महादेवभाई और उनके साथियों को गाँव की सफाई करनेवाले भंगी-से ही मान बैठे थे। हाँ , ये भंगी पैसे नहीं लेते थे , यह लाभ जरूर था। एक आदमी हाथ में लोटा लिये शौच करके आ रहा था। उसने उँगली से इशारा करते हुए काका से कहा,’अरे, उस तरफ जाओ,वहाँ अधिक गन्दगी है -’ त्या बाजूला जा , तिकडे जास्त घाण आहे।

    साबरमती – आश्रम में मेरी बारी आती ,तब मैं संडास-सफाई का काम करता था। लेकिन वहाँ संडास की बालटियों को खाद के गढ़ों में डालने और नारियल के झाडू से बालटियाँ साफ करने का काम था। यहाँ तो बिना ढँका हुआ ताजा मैला फावडे से या टीन के टुकड़े से सीधे उठाने का काम था। कुछ जगहों पर तो पुराने मैले में कीड़े बिलबिलाते थे , उसको उठाना एक कठिन परीक्षा थी। लेकिन काका निष्टापूर्वक वह काम किये जा रहे थे।

    एक दिन रविवार को मैंने बापू से पूछा,’ बापूजी, ऐसे काम से क्या लाभ है? गाँव वालों पर तो कोई असर ही नहीं हो रहा है। उलटे हमारे पास आकर जहाँ-जहाँ मैला पड़ा होगा , वहाँ – वहाँ जा कर उठाने का हुक्म छोड़ते हैं।’ बापू ने कहा ,’ बस,इतने में ही थक गया ? महादेव को पूछ, वह कब से सफाई कर रहा है। महादेव के काम में भक्ति है,वह तुझमें आनी चाहिए। अस्पृष्यता का कलंक ऐसा-वैसा नही है। उसको मिटाने के लिए हमें दीर्घ तपस्या करनी पड़ेगी।’

   लेकिन इतनी दलील से मेरा समाधान कैसे होता ! मैंने कहा ,’बापू, उनमें कोई सुधार ही न होता हो तो सफाई से लाभ ही क्या है ? ‘ बापू ने चर्चा को एक नया मोड़ देते हुए कहा ,’ सफाई करनेवाले का तो लाभ होता है न ? उसको तालीम मिल रही है।’ मैंने कहा ,’तालीम तो गाँववालों को भी मिलनी चाहिए।’ बापू हँसकर बोले , ‘ तू वकील है,वकील। तेरे कहने में सार जरूर है। उन लोगों को तालीम देना हम को आ जाए, तो मैं नाचूँगा।’ अपनी बात आगे बढ़ाते हुए बापू ने कहा , ‘ तेरी जगह मैं होता तो ध्यान से देखता। कोई शौच करके उठा हो तो तुरन्त वहाँ दौड़ जाता। उसके मैले में खराबी नजर आती , तो उससे नम्रतापूर्वक कहता,’ देखो भाई, तुम्हारा पेट बिगड़ा है। तुमको अमुक इलाज करना चाहिए। इस तरह उसका हृदय मैं जीत लेता।’

    मैं चुप हो गया। यह देखकर बापू का उत्साह बढ़ा। उन्होंने कहा , ‘ मेरा बस चले तो उस रास्ते को झाड़ू लगाकर  साफ-सुथरा कर दूँ। इतना ही नहीं, बल्कि वहाँ फूल के पौधे लगा दूँ। रोज पानी दूँ और आज जहाँ घूरा है , वहाँ सुन्दर-सा बगीचा बना दूँ। सफाई का काम एक कला है, कला।’

    निजी तौर पर सेगाँव के काम को बापू ने हाथ में लिया था , तो सामाजिक तौर पर उन्होंने अपने संस्थागत प्रयोग भी शुरु कर दिये थे। मगनवाड़ी में अखिल भारत ग्रामोद्योग संघ का मुख्य दफ्तर था। लेकिन बापू ने जिन संस्थाओं की स्थापना की , उनका मुख्य दफ्तर उस क्षेत्र की एक प्रयोग-शाला ही बन जाती थी। मगनवाड़ी में एक तरफ तेल घानी चलती थी , तो दूसरी तरफ हाथ – कागज बन रहा था। वाड़ी में जगह – जगह मधुमक्खी – पालन की पेटियाँ दिखाई दे रही थीं। विविध प्रकार की आटा पीसने की चक्कियों के प्रयोगों में खुद बापू भी भिड़ जाते। इन उद्योगों के साथ-साथ ग्रामोद्योगों की तालीम देने के लिए विद्यालय भी चलाया जा रहा था। देश – विदेश में अर्थशास्त्र की विद्या पढ़ने के बाद , ‘ भारत के अर्थशास्त्र की कुंजी तो ग्रामोद्योगों में ही है ‘ इस श्रद्धा से बैठे हुए जे.सी. कुमारप्पा और उनके छोटे भाई भारतन कुमारप्पा तो मगनवाड़ी की शोभा थे। जे.सी. कुमारप्पा के ओजस्वी सम्पादकत्व में ‘ ग्रामोद्योग पत्रिका ‘ नामक साप्ताहिक भी प्रकाशित होता था। मेरे पिताजी विनोद में कुमारप्पा को कई बार ‘अहिंसा के हिंसक प्रतिपादक’ ( Violent exponent of non-violence ) कहते थे।

    इन प्रयोगों के साथ बापू के रसोई के प्रयोग भी चलते थे। उन दिनों सोयाबीन में अमुक – अमुक गुण हैं इत्यादि चर्चा बहुत होती थी। इसलिए सोयाबीन के प्रयोग शुरु हुए। लेकिन थोड़े दिनों के बाद उत्साह कम हुआ और वे प्रयोग बन्द हो गये। सूरजमुखी के तेल का प्रयोग , फिर कडुवे नीम की पत्तियों की चटनी के प्रयोग , इमली के प्रयोग इत्यादि। बापू कहते थे , ‘इमली तो गरीबों का फल है। भारत के लाखों देहातों को उसका लाभ मिल सकता है। लेकिन उसका उपयोग जीभ के स्वाद के खातिर करने के बदले शरीर – पोषण के लिए किया जाना चाहिए।’ इन प्रयोगों के अलावा चूल्हों के अलग – अलग प्रयोग। किस प्रकार के चूल्हे में कम लकड़ियाँ खर्च होती हैं , यह देखने में बापू को बहुत रस रहता था। कुछ दिनों के बाद देशी तेल से जलने वाली लालटेनों के भी प्रयोग चले। इन प्रयोगों में से जो शोध हाथ में आए , उन्हींके परिणामस्वरूप ‘ मगन चूल्हा ‘ और ‘ मगनदीप ‘ का अविष्कार हुआ। नीरा से गुड़ बनाने और खजूर के पत्तों से अन्य चीजें बनाने के प्रयोग भी होते थे।

    उस समय के ग्रामोद्योग – संघ ने ऐसे कार्यकर्ता तैयार किए , जिनकी ग्रामोद्योगों में गहरी निष्ठा हो गयी। आज देश में जहाँ कहीं भी ग्रामोद्योगों की अच्छी प्रवृत्तियाँ चलती दिखाई देती हैं , वहाँ ऐसा कोई कार्यकर्ता जरूर मिलेगा , जो मगनवाड़ी की हवा खाकर आया हो।

    खादी के प्रयोग ग्रामोद्योगों से आगे बढ़े हुए थे। उन दिनों खादी के अर्थशास्त्र की दृष्टि से एक महत्व का प्रस्ताव चरखा – संघ ने किया था , वह है कत्तिन – बुनकरों को जीवन – वेतन देने का प्रस्ताव। वर्धा और चांदा जिले में खादी का काम अधिक होता था। लेकिन बापू ने देखा कि दिनभर कताई करके भी कत्तिन को सिर्फ सवा आना मिल रहा है , तो वे काँप उठे। चरखा – संघ की बैठक बुलाकर कताई की दर बढ़ाने की बात बापू ने आग्रहपूर्वक रखी। बापू ने कहा कि आठ घण्टे के काम की मजदूरी कम-से-कम आठ आना कत्तिन को मिलनी चाहिए ( यह १९३६ की बात है ) । खादी के व्यवहार-कुशल लोगों ने हिसाब जोड़कर खादी के भाव कितने बढ़ जाएंगे , यह बताना शुरु किया। आखिर आठ घण्टे में तीन आने मजदूरी देने का प्रस्ताव स्वीकार किया गया। विनोबा ने इस प्रस्ताव पर एक लेख लिखा था , जिसका शीर्षक था – ‘ अथातो न्यायारम्भ:’ ( अब न्याय का प्रारम्भ हुआ )। खादी के भाव दुगुने बढ़े , लेकिन उसकी खपत में ५० प्रतिशत की कमी हुई हो , ऐसा अनुभव नहीं आया। लाखों कत्तिनों के पेट आधे भर गए। इन दिनों बापू की हालत उन स्वामीजी के जैसी हो गयी थी , जिनके बदन में सामने की गली में जाड़े से ठिठुरते हुए भिखारी को देख कर ठण्ड लग रही थी। स्वामीजी के बदन पर एक के बाद एक कपड़ा डाला जा रहा था , लेकिन उनका ठिठुरना कम नही हो सका। अन्त में उस भिखारी के बदन को ढाँका गया , तब कहीं स्वामीजी की ठण्ड दूर हुई। इस तरह बापू की भूख कत्तिनों की मजदूरी बढ़ने के बाद ही मिटी। बापू ने ग्रामीण जीवन की ओर ध्यान देना शुरु किया , तब से उनकी हर प्रवृत्ति की एक ही कसौटी रहती थी – क्या इससे देश के दरिद्रनारायण के पेट भर सकते हैं ? किसी कुशल गायक के कंठ से निकले स्वरों के साथ पास में पड़े हुए तन्तुओं के तार झनझनाते हैं , वैसे बापू की हृदय-वीणा के तार देश के दरिद्रनारायण की वेदना के स्वर से झनझनाते थे।

0 Responses to “बापू की प्रयोग – शाला : बापू की गोद में (८)”



  1. No Comments Yet

Leave a Reply




a

www.blogvani.com

RSS यही है वह जगह

  • ’आखिरी वक्त क्या ख़ाक…… July 6, 2009
    आज दोपहर करीब ढाई बजे प्रोफेसर जुआल की बिटिया डॉ. पाली का फोन आया ,’ नागेश्वर अंकल सुबह साढ़े नौ बजे घर से निकले हैं । कहां जा रहे हैं नहीं बताया है । आन्टीजी ने पिताजी को चिन्तित हो कर फोन किया है । आप के यहाँ आये थे क्या ? ’ प्रोफेसर नागेश्वर प्रसाद [...] […]
  • वह प्यार : लाल्टू : कविताएँ June 18, 2009
    [ अब की गरमियों में पहला पड़ाव हैदराबाद था । जहाँ एक जानदार व्यक्ति - लाल्टू से मुलाकात हुई । उनकी कविताएँ मिलीं , पेश हैं । ] १ तुमने कहा अरे !अरे क्या ! मैंने कहा फिर लिया लेखा जोखा आपस में हमनेआपस के छूटे हुए दिनों कातुमने पिलाया पानीमैंने सोचा कब छूटेगा तुम्हारा बदनदिन [...] […]
  • उ.प्र.चुनाव में कई मसलों की जड़ में एक व्यक्ति May 17, 2009
    चुनाव बाद दी गयी मेरी पहली त्वरित टिप्पणी पर अनूप शुक्ल ने कहा,” राहुलगांधी के बारे में जो चैनल वाले कह रहे हैं तो उनको कोई तो हीरो चाहिये ही तुरत-फ़ुरत प्रतिक्रिया करने के लिये। विस्तार से विष्लेषण कहां से करें बेचारे वे “ मौजूदा आम चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता ने जो परिणाम दिए [...] […]
  • अंग्रेजी की दमघोंटू दीवार : ले. सुनील May 13, 2009
          बात मध्यप्रदेश की है, किन्तु कमोबेश पूरे देश पर लागू होती है। मध्यप्रदेश हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम इस साल बहुत खराब रहा। मात्र 35 फीसदी विद्यार्थी ही पास हो सके। परिणाम निकलने के बाद प्रदेश के कई हिस्सों से छात्र-छात्राओं की आत्महत्याओं की खबरें आईं।         इतने खराब परीक्षा परिणाम की विवेचना चल रही है। [...] […]
  • दुनिया के आर्थिक संकट को कैसे समझें ? (२) – ले. सुनील May 12, 2009
    Technorati tags: recession, globalisation, global economic crisis, sunil, samajwadi janaparishad, capitalism, free trade, usa, china, india लेख का प्रथम भाग (4)     दरअसल, पंजीवाद को फलते-फूलते रहने के लिए लगातार बढ़ते हुए मुनाफे, बढ़ता हुआ बाजार और दुनिया के श्रम व प्राकृतिक संसाधनों का बढ़ता हुआ दोहन चाहिए। तीस के दशक की जबरदस्त मंदी से उसे उबारने में [...] […]

RSS समाजवादी जनपरिषद

  • शिक्षा अधिकार विधेयक एक छलावा है July 1, 2009
    एक आह्वान शिक्षा अधिकार विधेयक एक छलावा है, शिक्षा का बाजारीकरण एक विकृति है, देश के सारे बच्चों को मुफ्त, समतापूर्ण, गुणवत्तापू्र्ण शिक्षा के संघर्ष के लिए आगे आएं लोकसभा चुनाव में दुबारा जीतकर आने के बाद संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के नए मानव संसाधन विकास मंत्री श्री कपिल सिब्बल ने कई घोषणाएं की हैं। अपने मंत्रालय का 100 दिन [...] […]
  • बेतूल : महिला अत्याचार रपट : शिउली वनजा July 1, 2009
    म.प्र. का बैतूल जिला पुलिस द्वारा महिलाओं पर अत्याचार के लिए प्रसिद्ध होता जा रहा है। बीते दिनों बैतूल जिले में एक सप्ताह के अंदर दो घटनाएं घटी। पहले 27 मई को सारणी में निजी सुरक्षा गार्डों द्वारा महिलाओं के साथ छेड़खानी का विरोध होने पर गोली चलाकर एक आदिवासी युवक की [...] […]
  • कांग्रेस के झूठ को पहचानना जरूरी है May 16, 2009
    जब बुनियादी सवालों पर प्रमुख दलों में वैचारिक अन्तर न रह गया हो तब हार – जीत के नकली कारण प्रकट होने लगते हैं । उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की आशा से अधिक सफलता से प्रफुल्लित मनमोहन सिंह से लगायत छुटभैय्ये कांग्रेसी और उनकी मस्केबाजी करने वाले टेवि चर्चाकार बेशर्मी से [...] […]
  • नर – नारी समता और निजी कानून (३) , ईसाई और पुर्तगाली कानून : ले. डॉ. स्वाति May 13, 2009
  • नर-नारी समता और निजी कानून (२) : ले. डॉ. स्वाति May 12, 2009
    पिछला भाग – एक हिंदु विवाह अधिनियम (1955 ) सतही तौर पर ’समता’ पर आधारित है । वह अदालत से तलाक मांगने का अधिकार स्त्री-पुरुष दोनों को देता है । 1976 के अधिनियम में तलाक के साधारण स्थापित कारकों के अलावा , क्रूरता (मानसिक/शारीरिक ), परित्याग करना व परस्पर रजामंदी भी तलाक के लिए पर्याप्त [...] […]
  • नर – नारी समता और निजी कानून : डॉ. स्वाति May 11, 2009
    [ वरिष्ट अधिवक्ता एवं लोकप्रिय चिट्ठेकार दिनेशराय द्विवेदी ने कल सर्वोच्च न्यायालय द्वारा एक नि:संतान हिन्दू विधवा द्वारा अर्जित सम्पत्ति पर विवाह के तीन माह बाद गुजर गये पति के वारिसों का हक मुकर्रर करने के फैसले का विवरण अपने चिट्ठे पर दिया था । दिनेशजी ने उक्त पोस्ट में फैसले की बारीकियों को अत्यन्त [...] […]
  • सूअर – ज्वर या सभ्यता – ज्वर ? (2) ले. सुनील May 9, 2009
    पिछले हिस्से से आगे ए. काकबर्न नामक विद्वान ने दुनिया के मांस-इतिहास पर एक पेपर लिखा है, जिसमें संयुक्त राज्य अमरीका के एक प्रमुख सूअर-मांस उत्पादक राज्य उत्तरी केरोलीना के बारे में बताया है- “बदबूदार खाडियों के चारों और सूअरों के अंधेरे गोदाम बने हुए है, जिनमें उन्हें धातु के कटघरों में रखा जाता है जो उनके [...] […]